रेंगाखार। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर वनांचल क्षेत्र में आदिवासी समाज की एकता, संस्कृति और परंपराओं को समर्पित भव्य रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

रैली समनापुर से प्रारंभ होकर तितरी, रामपुर, रेंगाखार और बहेराखार होते हुए निवासपुर पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे मार्ग में समाज के लोगों ने पारंपरिक उत्साह के साथ रैली का स्वागत किया।
माँ हिंगलाजिनी माता की पूजा-अर्चना कर रैली में शामिल हुईं सरपंच
रैली के दौरान रेंगाखार की सरपंच श्रीमती अनीता मदन कश्यप ने रेंगाखार में विराजमान माँ हिंगलाजिनी माता की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे रैली में शामिल हुईं और आदिवासी समाज के लोगों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

सरपंच ने समाज की संस्कृति, परंपराओं और एकजुटता को बनाए रखने का संदेश देते हुए कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और एकता को भी मजबूत करते हैं।
वनांचल में दिखा उत्साह

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित इस रैली में पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा, सांस्कृतिक प्रतीकों और समाज की एकजुटता ने आयोजन को खास बना दिया। समनापुर से निवासपुर तक निकली इस रैली ने आदिवासी संस्कृति, गौरव और एकता का संदेश दिया।
