रेंगाखार : कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्र रेंगाखार में लगातार हो रही बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर किसानों का आक्रोश अब आंदोलन की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीणों ने शुक्रवार को तहसीलदार रेंगाखार कला को ज्ञापन सौंपकर बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो 20 जुलाई 2026, सोमवार को दोपहर 12 बजे रेंगाखार बिजली कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

तहसीलदार को ज्ञापन सौपते किसान

ज्ञापन के अनुसार, पिछले लंबे समय से क्षेत्र में अनियमित बिजली आपूर्ति की जा रही है। जो बिजली उपलब्ध हो रही है, उसका वोल्टेज इतना कम है कि किसानों के सिंचाई पंप, मोटर एवं अन्य कृषि उपकरण सही ढंग से संचालित नहीं हो पा रहे हैं। इससे खरीफ सीजन की फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और किसानों को आर्थिक नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

थाना रेंगाखार में दिया गया सुचना पत्रक

किसानों का कहना है कि कई बार संबंधित विद्युत विभाग को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। इससे ग्रामीणों और किसानों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि बिजली आपूर्ति नियमित की जाए तथा लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। किसानों ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्रवासी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करेंगे

तहसीलदार को सौपा गया ज्ञापन

प्रशासन और विद्युत विभाग पर रहेगी नजर

अब यह देखना होगा कि प्रशासन और विद्युत विभाग किसानों की मांगों पर कितनी शीघ्र कार्रवाई करते हैं। यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ, तो 20 जुलाई को प्रस्तावित घेराव आंदोलन क्षेत्र का बड़ा जनआंदोलन बन सकता है।

नोट: यह समाचार किसानों द्वारा तहसीलदार को सौंपे गए ज्ञापन के आधार पर तैयार किया गया है। विद्युत विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी समाचार में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *