कबीरधाम। जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18 मवेशियों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया है। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान मवेशियों को ले जाने में इस्तेमाल किए जा रहे आईसर वाहन क्रमांक UP-81-FT-2375 को भी जब्त किया गया है।

जानकारी के अनुसार, चिल्फी पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान एक वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन में 18 मवेशियों (भैंसा-भैंसी) को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक ले जाया जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मवेशियों को मुक्त कराया और वाहन को जब्त कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पशु तस्करी को लेकर सख्ती का संदेश गया है। कबीरधाम पुलिस द्वारा पशु तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही गई है।
